बिहार आ रहे हैं PM नरेंद्र मोदी, नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

पटनाः बिहार में नए मुख्यमंत्री की घोषणा होने वाली है. 14 तारीख को विधायक दल का नेता चुना जाएगा. सूत्रों के हवाले से खबर है कि 15 तारीख को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं. अब तक चर्चा है कि गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले हैं. तो वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 तारीख को बतौर पर्यवेक्षक विधायक दल के नेता का चुनाव कराने आ रहे हैं. जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी. 15 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं. सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंच सकते हैं और उसी रात राजधानी में रुकने की भी संभावना है. इसके बाद वे 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर वापस रवाना हो जाएंगे. इससे पहले 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई गई है, जिसके बाद उनके इस्तीफा देने की पूरी संभावना जताई जा रही है. ऐसे में बिहार में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है.

नए सीएम को लेकर सस्पेंस
मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है, लेकिन पार्टी के भीतर अन्य विकल्पों पर भी मंथन जारी है. केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय समेत कई अन्य नामों की भी चर्चा हो रही है. भाजपा नेतृत्व जातीय और राजनीतिक संतुलन को साधते हुए अंतिम फैसला लेने की तैयारी में है. 14 अप्रैल को भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जा सकता है, जिसके बाद एनडीए के घटक दलों की संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी.